Followers

Friday, February 28, 2014

एनआरजी आडवाणीजी का “गांधीनगर” प्रेम बरकरार

अपने आडवाणीजी आज गांधीनगर में थे। हालांकि वे गांधीनगर के सांसद हैं, चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार अहमदाबाद में उनका घर भी है, वे अपने मतक्षेत्र में रात शायद ही गुजारते हैं।सही मायने में वे अप्रवासी गुजराती हैं(एनाआरजी)।
शायद इसीलिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष फलदू जी ने इस सप्ताह कहा था कि मोरारजी के बाद मोदीजी प्रधानमंत्री बनने की राह पर चलने वाले दूसरे गुजराती हैं। जब एक पत्रकार ने आडवाणीजी के 2009 के चुनाव में पीएम प्रत्याशी होने का जिक्र किया तब फलदूजी बोले कि उस समय आज जैसी परिस्थिती नहीं थी। उसी सांस में उन्होने पत्रकारों को कहा कि बात का बतंगड़ मत बना देना। पर अगले दिन कुछ यारों ने ये आइटम ठोक ही दिया।
प्रधानमंत्री इन वेटिंग जैसे टाइटल से मशहूर अपने आडवाणीजी का शायद यह मानना है कि वे तो पूरे देश के हैं और गुजरात और गांधीनगर देश का एक भाग है इसलिए देश सेवा में ही गुजरात और गांधीनगर सेवा नीहित है।
उनके शिष्य नरेन्द्र मोदी की सोच से 180डिग्री उल्टा सोचते हैं आडवाणीजी शायद। अपने मोदीजी तो मानते हैं कि गुजरात देश है और भारत एक अन्य या फिर गुजरात का एक हिस्सा है भारत ।इसलिए उनके आंकड़े कुछ इस प्रकार होते हैं। गुजरात का वृद्धि दर इतना है और भारत का इतना। मोदीजी अब दिल्ली कूच पर हैं।
खैर, बात यहां गुरू आडवाणीजी की हो रही है। आज जब भाजपा की पहली सूची में आडवाणीजी और उनके साथी मुरली मनोहर जोशी के नाम नदारद हैं तब अपने बिजली पत्रकारों (इलेक्ट्रोनिक मीडिया) ने उन्हें घेर लिया और पूछा कि आप कहां से चुनाव लड़ेंगे?
पहले तो उन्होने स्वीकारा कि पहली सूची में उनका नाम नही है। फिर उनकी लक्षणात्मक शैली में हाथ मलते हुए बोले गांधीनगर से चुनाव लड़ना चाहता हू, आगे पार्टी की इच्छा। अब भाजपा में तो पार्टी की इच्छा मतलब अपने मोदीजी की इच्छा।फिर बोले काश कच्छ की बैठक आरक्षित नही होती। नहीं तो वहीं से लड़ लेता।
कच्छ में सिंधी हैं पर कच्छ सिंधियों का नहीं है। गांधीधाम छोड़ते ही कच्छ अलग प्रदेश हो जाता है। कच्छी भाषा में सिंधी की झलक तो है, पर बाकी सब कुछ अलग।
वैसे अपने गुजरात के भाजपाईयों का मानना है कि गांधीनगर भाजपा के लिए एक सुरक्षित बैठक है, पर आडवाणीजी के लिए शायद नहीं।
अपने आडवाणीजी का 7आरसीआर प्रेम( प्रधानमंत्री की कुर्सी का लक्ष्य) सभी को मालूम है। भले ही उनके शिष्य मोदीजी ने भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री की कुर्सी अपने नाम लिखवा ली है, आडवाणीजी को उनके हाथ की लकीरों मे बहुत विश्वास है। शायद हाथ मलते मलते वो यह गुनगुनाते हैं- वह सुबह(कुर्सी) कभी तो आयेगी।
जब गोआ में मोदीजी की ताजपोशी की तैयारी चल रही थी तब आडवाणीजी के घर पर नारेबाजी हो रही थी। इसके बावजूद अपने आडवाणीजी सब कुछ भूल पूरे जोरशोर से मोदीजी के साथ लग गए हैं।

पर भैय्ये ये तो राजनीति है। यहां कभी भी कुछ भी हो सकता है। यह सभी लोग जानते हैं । अपने आडवाणीजी भी!!!! 86 वर्ष के जवान हैं आडवाणीजी।

No comments:

Post this story to: Del.icio.us | Digg | Reddit | Stumbleupon